भाजपा प्रत्याशी का फिल्मी अंदाज में अपहरण! नामांकन के दौरान हुआ अपहरण..रिपोर्ट लिखाने थाना पहुंचे विधायक, दबाव बढ़ते ही रायपुर में छोड़ा, पढ़िए पूरी खबर…….

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) रायपुर जिले के तिल्दा के जनपद कार्यालय से भाजपा प्रत्याशी योगेश दास गुरु गोसाई का अपहरण फिल्मी अंदाज में हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब योगेश दास नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे थे, तभी कुछ अपहरणकर्ताओं ने उन्हें अगवा कर लिया और फरार हो गए। भाजपा ने इस घटना को लेकर तिल्दा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना पचरी पंचायत में लंबे समय से चल रही पंचायत राजनीति से जुड़ी हुई बताई जा रही है। जनपद क्षेत्र क्रमांक 18 से योगेश दास ने इस बार नामांकन दाखिल करने का फैसला लिया था, लेकिन नामांकन के दौरान ही उनका अपहरण कर लिया गया। पीड़ित पक्ष ने जनपद उपाध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ही यह अपहरण करवाया। पुलिस ने टिकेश्वर के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब तिल्दा पहुंचे और थाने में धरना देकर एफआईआर दर्ज कराई। दबाव बढ़ने पर अपहृत योगेश दास को रायपुर में छोड़ दिया गया, जबकि अपहरणकर्ता फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी टीकेश्वर सोनू मनहरे, भाजपा नेता वेदराम मनहरे के छोटे भाई हैं और उन पर चुनावी गड़बड़ी और हिंसा में संलिप्त होने के आरोप लगते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तिल्दा नेवरा जनपद पंचायत क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे इच्छुक प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने से रोका जाता है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर असर पड़ता है। तिल्दा नेवरा थाना पुलिस ने 140 (3) अपहरण जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
क्षेत्र में सियासी हलचल और नागरिकों में आक्रोश…….
इस घटना के बाद क्षेत्र में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है और आम नागरिकों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है। नागरिकों ने लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
