तखतपुर में तीन मासूमों को निगल गया घोंघा नदी का तेज बहाव, गांव में पसरा मातम..स्कूल से घर लौटते वक्त तीनों मासूम नदी में समाए, रातभर चला रेस्क्यू…शव बरामद!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहने वाले तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौट रहे तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। हादसे के बाद कल शाम से एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद आज सुबह दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल पिता भुवनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल पिता भुवनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। तीनों बच्चे शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और तीनों बच्चे पानी की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने तत्काल बच्चों की तलाश शुरू की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कल शाम से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान एक बच्चे का शव कल ही बरामद कर लिया गया था, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम ने रातभर अभियान जारी रखा। आज सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही घोंघा नदी हादसे में लापता तीनों मासूमों की तलाश पूरी हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे थे। एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर से समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस दर्दनाक घटना से गहरे सदमे में हैं। मृत बच्चों में अनमोल जायसवाल कक्षा KG-2, स्तुति जायसवाल कक्षा तीसरी और शिक्षा जायसवाल कक्षा तीसरी में पढ़ती थी। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।
