चावल के पैकेट में छिपकली; देवरीखुर्द में मचा हड़कंप, खाद्य विभाग ने पूरा स्टॉक किया सील..दुकानदार को नोटिस, जांच जारी!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) देवरीखुर्द क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दुकान में रखे अब्बा हुजूर ब्रांड के चावल में छिपकली मिलने की शिकायत सामने आई। मामले की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विभाग ने दुकान में रखे संबंधित चावल के स्टॉक को फिलहाल सील कर दिया है। जानकारी के अनुसार, देवरीखुर्द स्थित अब्बा हुजूर चावल दुकान में चावल में छिपकली मिलने की शिकायत सामने आई थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्टॉक की जांच की और संबंधित चावल को सील कर दिया। दुकानदार को मामले में नोटिस भी जारी किया गया है। वहीं, देवरीखुर्द स्थित अपना मार्ट में भी अब्बा हुजूर नाम के चावल ब्रांड का इस्तेमाल फिलहाल नहीं करने की चेतावनी दी गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरआर देवांगन के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिलावट और अन्य गड़बड़ियों की जांच कर रही है। विभाग की कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। मामले में विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चावल में छिपकली कैसे पहुंची और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है।
