बिलासपुर में 5 लाख की सुपारी; रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला..फरार आरोपी गिरफ्तार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला करने के मामले में तारबाहर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक हमला एक व्यक्ति की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की फिरौती के लालच में किया गया था। मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ चुकी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी शिशिर कश्यप ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गया था। घर लौटने के दौरान उसके पिता ने फोन कर बताया कि वे करीब 6.45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए वहां पहुंचे। उनके हाथ में डंडे और नुकीली वस्तु थी। आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान हुई और संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस द्वारा पूर्व में पकड़े गए आरोपी नितिन टेकाम और विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था। उसके कहने पर आरोपी बिलासपुर पहुंचे और मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का इरादा उसकी हत्या करना था। इसी मामले में फरार चल रहे आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर (23), निवासी समता नगर, गौरेला की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर से आरोपी के घर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर श्याम कश्यप पर डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
