रतनपुर के अनमोल ढाबे में चल रहा था शराब का खेल; 150 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ तीन गिरफ्तार..बाइक भी जब्त!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम रैनपुर-कर्रा स्थित अनमोल ढाबा में दबिश देकर 150 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त करते हुए ढाबा संचालक, कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-12 एजी-2845 से ग्राम रैनपुर-कर्रा स्थित अनमोल ढाबा में शराब बिक्री के लिए पहुंचाने जा रहा है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर टीम ने अनमोल ढाबा के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अतुल सोनी (30), निवासी बूढ़ामहादेव रतनपुर, ढाबा संचालक; कुनाल साहू (25), निवासी कसेरपारा रतनपुर, ढाबा कर्मचारी; और शिवशंकर गोंड (39), निवासी भेलवाटिकरी, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 150 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है, बरामद की। इसके साथ ही शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
