सीपत! किसान के घर धमकी भरा पत्र और मरी मुर्गी मिलने से मचा हड़कंप, सीपत थाना क्षेत्र का मामला, पढ़िए पूरी खबर…….

सीपत: (प्रांशु क्षत्रिय) थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में एक किसान के घर धमकी भरे पत्र और अजीब हालात में रखी मरी मुर्गी की घटना ने सनसनी फैला दी है। सीपत पुलिस के अनुसार रविवार की रात किसी ने वृंदा केवट, जो कि एक किसान हैं, उसके आंगन में रंगे हुए नींबू, मिर्च और मरी हुई काली मुर्गी रखकर एक धमकी भरा पत्र छोड़ दिया। पत्र में लिखा था कि किसी लड़की के घर आने के कारण घर में ग्रह बाधा होगी और यदि लड़की को घर में रखा गया तो उसकी मौत हो जाएगी। इस घटना की शिकायत सीपत थाने में की गई और पुलिस ने गांव वालों तथा पीड़ित परिवार से जानकारी जुटाई। गांव के लोगों ने बताया कि वृंदा के किसी से भी दुश्मनी नहीं है, जबकि परिवार के सदस्य भी किसी के साथ किसी तरह की दुश्मनी से इंकार कर रहे हैं। पुलिस को कुछ संदिग्ध फोन नंबर भी मिले हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

मई महीने की चोरी से जोड़कर देखा जा रहा मामला……
सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि इस घटना को मई महीने में हुई एक चोरी से जोड़कर देखा जा रहा है। मई में वृंदा के घर में एक वैवाहिक कार्यक्रम था, जब रात के समय कुछ चोरों ने उनकी बाइक चुरा ली और दूल्हे पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में दूल्हे का कान काट दिया गया, लेकिन घटना की भनक परिवार को तब लगी जब दूल्हे की नींद खुली और खून बहता देखा। इसके बाद परिवार ने उसे अस्पताल पहुंचाया और घटना की शिकायत पुलिस में की। पुलिस ने घटना के बाद पूरी सतर्कता के साथ जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पुलिस टीम संदिग्ध नंबरों से भी संपर्क कर रही है।
