बाल-बाल बचे डॉ.बांधी! पूर्व मंत्री डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, ड्राइवर ने की शिकायत, पढ़िए पूरी खबर…….

मस्तूरी: (प्रांशु क्षत्रिय) पूर्व मंत्री डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी की गाड़ी शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 11:45 बजे मस्तूरी के जोंधरा चौक के पास हुई, जब पूर्व मंत्री अपनी गाड़ी से बिलासपुर लौट रहे थे। हादसे में गाड़ी का ड्राइवर साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक पूर्व मंत्री अपनी ईको स्पोर्ट गाड़ी क्रमांक CG 10 AN 7770 में सवार थे। गाड़ी चालक मोंटी कुमार बांधी ने बताया कि वह पूर्व मंत्री और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) तुकाराम मानिकपुरी को पचपेडी से बिलासपुर लेकर जा रहे थे। तभी जांजगीर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक क्रमांक CG 10 R 0488 ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना को देखा और तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। चालक मोंटी कुमार ने मस्तूरी थाने में ट्रक चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 281-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
