प्यार में मिला धोखा! युवती ने की आत्महत्या: प्रेमी गिरफ्तार, पढ़िए पूरी ख़बर…..

कोंडागांव: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक युवती ने अपने प्रेमी से धोखा मिलने के बाद फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। फरसगांव पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने के आरोप में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका पल्लवी साहू उम्र 22 वर्ष ने 23 अक्टूबर को अपने घर में चुनरी से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पल्लवी के परिजनों के अनुसार पिछले छह वर्षों से वह एक युवक के साथ रिश्ते में थी, जिसने उसे शादी का झांसा देकर धोखे में रखा। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी युवराज साहू उम्र 21 वर्ष ने बार-बार शादी का वादा कर पल्लवी के साथ संबंध बनाए रखे, लेकिन जब पल्लवी ने शादी का दबाव डाला, तो वह उसे टालता रहा और मानसिक प्रताड़ना देने लगा। पल्लवी के परिजनों ने फरसगांव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की तह तक जाने के बाद युवराज साहू को आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
