बिलासपुर! चाकू की नोक पर उगाही का मामला: ठेले को पलटाकर गल्ला किया पार, पुलिस को डराकर निकला भाग, उठने लगे सवाल, पढ़िए पूरी खबर……..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के थाना सिरगिट्टी अंतर्गत मंगलवार दोपहर 1 बजे बन्नाक चौक पर एक अज्ञात युवक ने चाकू दिखाकर दुकानों से पैसे की उगाही की। युवक ने पहले कुछ दुकानों के सामने खड़े लोगों को डराकर पैसे मांगे और फिर एक पूड़ी-पोहा बेचने वाले दुकान संचालक के पास पहुंच गया। सूत्रों के अनुसार युवक ने चाकू के बल पर पैसे की मांग की, लेकिन ठेला संचालक ने इसका विरोध किया। दोनों के बीच जोरदार झगड़ा हुआ, जिसमें आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप किया। लेकिन युवक ने धक्का देकर ठेले को पलट दिया और ठेले में रखी नगदी लूटकर चाकू दिखाते हुए भागने लगा। इस बीच पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई। लेकिन युवक ने पुलिस को भी चाकू दिखाकर पत्थर से वार करने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने युवक का पीछा किया, लेकिन वह हाथ से निकल गया। पीड़ित ठेले के संचालक ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और आरोपी युवक की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में इस घटना को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है। अब देखना यह है कि पुलिस आरोपी युवक को कब पकड़ पाती है और पीड़ित व्यापारी को कब न्याय मिलता है।
