VIDEO! बिलासपुर में नवरात्र सप्तमी के दिन चैन स्नेचिंग की 2 घटनाएं, शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, वीडियो देख पढ़िए पुरी खबर……

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक ही रात में दो अलग-अलग महिलाओं से चैन स्नेचिंग की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला गिरोहों ने पहली घटना में एक महिला से 1 लाख 60 हजार रुपये की सोने की चैन और दूसरी घटना में 1 लाख 80 हजार रुपये की चैन चोरी की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर में सक्रिय महिला गिरोह ने एक बार फिर से अपनी मौजूदगी का अहसास कराया है, जो भीड़ के बीच चोरी और उठाईगिरी जैसी वारदातों को आसानी से अंजाम दे रहे हैं। हाल की घटनाओं में गुरुवार की रात, श्रीराम विहार निवासी एन लक्ष्मी और सिरगिट्टी महिमा नगर निवासी किरण सिंह को निशाना बनाया गया। पीड़ित महिलाओं के अनुसार, भीड़ में कुछ महिलाएं उन्हें घेरे हुए थीं, और उनमें से एक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रही थी, जिसने उनके कंधे पर हाथ रखा। जब उन्होंने भीड़ से बाहर निकाला, तब उनकी चैन गायब थी। इस घटना ने शहर में बढ़ते अपराध के ग्राफ और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, एएसपी उमेश कश्यप ने कहा है कि पुलिस पूरी जिम्मेदारी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर एक विशेष टीम को जांच के लिए लगाया गया है। नवरात्रि के दौरान बिलासपुर पुलिस ने शहरवासियों की सुरक्षा को लेकर कई बड़े दावे किए थे, लेकिन हालिया स्नेचिंग की घटनाओं ने इन दावों की पोल खोल दी है। इससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया है, और नागरिकों में चिंता की लहर दौड़ गई है।
