VIDEO! NTPC SEEPAT से राखड़ लोड कर जा रही वाहन ने 19 गायों को रौंदा, मौके पर मौत, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार, विडियो देख पढ़िए पूरी खबर…….

सीपत: (प्रांशु क्षत्रिय) नेशनल हाइवे पर एक तेज रफ्तार हाइवा चालक ने मवेशियों को कुचल दिया, जिससे 12 गाय और 7 बछड़ों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन शाम को सीपत पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सीपत थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि घटना ग्राम हरदाडीह के पास दमाउ नाला के समीप हुई, जहां भारी संख्या में बेसहारा पशु सड़क पर बैठे थे। रात के समय तेज गति से आ रहे हाइवा ने अचानक इन पशुओं पर चढ़ाई कर दी। इस हादसे में 18 गायों की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार की सुबह ग्राम हरदाडीह निवासी सहसराम साहू ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वहां एक घायल पशु को देखा गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने एनएच से सभी मृत पशुओं के शवों को जब्त कर अंतिम संस्कार कराया। घटना स्थल से कुछ दूरी पर एक अज्ञात हाइवा खड़ी मिली, जिसके पहिए पर खून के निशान थे। पुलिस ने हाइवा क्रमांक सीजी 11 बीएम 9799 को जब्त किया और इसके मालिक की खोजबीन शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि वाहन एनटीपीसी सीपत के राखड डैम से लोड राखड़ को छोड़ने भारत माला प्रोजेक्ट में चल रहे काम की ओर जा रहा था। चालक अनीश कुमार भारद्वाज की लापरवाही से यह हादसा हुआ। सीपत पुलिस ने आरोपी चालक अनीश कुमार को धारा 281, 325 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया और उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।

