प्लांट में बड़ा हादसा: 2 मजदूरों की मौत, 5 अन्य घायल, इलाज जारी, प्रबंधन की लापरवाही पर उठ रहा सवाल, पढ़िए पूरी खबर……

सरगुजा: (प्रांशु क्षत्रिय) सरगुजा जिले के सिलसिला में स्थित मां कुदरगढी एलुमिना प्लांट में रविवार को एक भीषण दुर्घटना हुई। प्लांट के कोयला लोड हापर और बेल्ट के ढह जाने से काम कर रहे मजदूरों के ऊपर मलबा गिर गया, जिससे 7 से 8 मजदूर दब गए। इस हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई और 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार को दोपहर करीब 11 बजे हुई। कोयला लोड हापर अचानक ढह गया और बेल्ट, जो कोयला को ब्रायलर तक ले जाती थी, उसके साथ ही नीचे गिर गई। इस घटना के समय कई मजदूर साइट पर काम कर रहे थे। हादसे के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। मौके पर मौजूद तीन मजदूरों को तत्काल बाहर निकालकर मेडिकल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान 2 मजदूरों की मौत हो गई, वही एक घायल का इलाज चल रहा है। अन्य पांच मजदूरों के अब भी मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्लांट में गंभीर लापरवाही बरती गई थी। हापर की निर्माण क्षमता को ध्यान में रखते हुए इसे केवल भूसा भरने के लिए डिज़ाइन किया गया था, लेकिन इसे कोयला भरने के लिए इस्तेमाल किया गया, जिससे हापर ओवरलोड हो गया और दुर्घटना घटित हो गई।
