नौकरी दिलाने का झांसा देकर शासकीय अस्पताल के नर्स से 8 लाख की ठगी, महिला सहित एक आरोपी पर मामला दर्ज, पढिए पूरी खबर…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में एक स्टाफ नर्स को सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर 8 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। तारबाहर पुलिस थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मिली जानकारी के अनुसार लिंक रोड स्थित बशीर अहमद काम्प्लेक्स की निवासी किरण बघेल उम्र 28 वर्ष एक शासकीय अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं। अक्टूबर 2023 में किरण बघेल को टिकरापारा निवासी मंजू पाटले पिता व्यास नारायण पाटले ने अपने मित्र सतीष कुमार सोनवानी उर्फ आर्यन के बारे में बताया। मंजू ने दावा किया कि सतीष की मंत्रालय और राज्यपाल कार्यालय में बहुत अच्छी पहुंच है और उसने कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलवाने में मदद की है। सतीष कुमार ने किरण बघेल को आश्वासन दिया कि वह उनके रिश्तेदार शेषचरण कुर्रे की सरकारी नौकरी राज्यपाल कोटे से लगवा देगा। सतीष ने कहा कि 6 महीने में नौकरी की पोस्टिंग हो जाएगी और प्रारंभ में 4 लाख 40 हजार रुपए की राशि की आवश्यकता होगी, जिसे ज्वाइनिंग के बाद वापस कर दिया जाएगा। विश्वास में आकर किरण बघेल ने अलग-अलग तारीखों में सतीष और उसकी सहकर्मी मंजू पाटले के खाते में कुल 8 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। महीनों की प्रतीक्षा के बावजूद जब नौकरी नहीं मिली, तो किरण ने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने रुपए लौटाने से इनकार कर दिया। तारबाहर पुलिस ने इस मामले में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
