BILASPUR: लापरवाह पंचायत सचिव हुआ निलंबित, जिला पंचायत सीईओ ने जारी किया आदेश, पढिए पूरी खबर……

बिलासपुर (प्रांशु क्षत्रिय) तखतपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत भाड़म के सचिव सत्यनारायण साहू को निलंबित कर दिया गया है। उन पर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने और सरकारी कामों में रुचि न लेने का आरोप लगाया गया है। जिला पंचायत सीईओ आरपी चौहान ने शुक्रवार को निलंबन आदेश जारी किया। जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यनारायण साहू ने राशन कार्ड वितरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, स्वच्छ भारत मिशन, वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों में गंभीर लापरवाही की और छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के नियम 4(ख) के तहत नैतिक कदाचार किया। सत्यनारायण साहू को तत्काल प्रभाव से उनके पद से निलंबित कर दिया गया है और ग्राम पंचायत भाड़म का अतिरिक्त प्रभार पंचायत सचिव अश्वनी लहरे को सौंपा गया है, जो ग्राम पंचायत पर्थरा के सचिव हैं। निलंबन की अवधि में सत्यनारायण साहू का मुख्यालय जनपद पंचायत तखतपुर रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
