कोरबा में बारिश बनी काल; उफनते नालों में बहने से दो वृद्धों की मौत..पत्नी ने तैरकर बचाई जान, 48 घंटे बाद मिला ग्रामीण का शव!

कोरबा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। उफनते नदी-नालों को पार करने के दौरान अलग-अलग घटनाओं में दो वृद्धों की दर्दनाक मौत हो गई। एक घटना में भीख मांगकर लौट रहे दंपती तेज बहाव की चपेट में आ गए, जिसमें पति की मौत हो गई जबकि पत्नी ने तैरकर अपनी जान बचा ली। वहीं कटघोरा क्षेत्र में मछली पकड़ने गए ग्रामीण का शव 48 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद किया गया। पहली घटना रामपुर बस्ती के पास स्थित ढेंगुरनाला की है। रामपुर निवासी 60 वर्षीय गोरे लाल अपनी पत्नी जान बाई (58) के साथ आसपास की बस्तियों में भीख मांगकर जीवन-यापन करते थे। सोमवार सुबह दोनों बालको बस्ती से घर लौट रहे थे। इस दौरान ढेंगुरनाला उफान पर था। नाला पार करते समय अचानक तेज बहाव में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में बह गए। जान बाई ने साहस दिखाते हुए तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन गोरे लाल तेज बहाव में डूब गए। बाद में उनका शव बरामद किया गया।
मछली पकड़ने गया ग्रामीण नहीं लौटा, 48 घंटे बाद मिला शव…..
दूसरी घटना कटघोरा क्षेत्र के डिंडोलभाठा गांव की है। गांव निवासी 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार सुबह मछली पकड़ने नाले में गए थे। बारिश के कारण अचानक बढ़े जलस्तर और तेज बहाव में वे बह गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह कटघोरा पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल के नेतृत्व में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण पहले दिन सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह दोबारा शुरू किए गए अभियान में कई घंटों की मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी……
लगातार हो रही बारिश और बढ़ते हादसों को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल ने विशेष रूप से अभिभावकों से बच्चों को पानी के आसपास अकेले नहीं जाने देने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिसके मद्देनज़र तटीय गांवों को अलर्ट पर रखा गया है।
