रायपुर में निर्माणाधीन साइट पर हादसा; मिट्टी धंसने से कारपेंटर की मौत…सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल!

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) कचना इलाके में स्थित रहेजा प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन साइट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। क्लब हाउस के निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से एक कारपेंटर जिंदा दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।मिली जानकारी के अनुसार, साइट पर दो दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला 32 वर्षीय कारपेंटर गुड्डू रवि करीब 8 फीट गहरे गड्ढे में शटरिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा उसके ऊपर आ गिरा, जिससे वह मलबे में दब गया। साथी मजदूरों ने तुरंत उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। बताया जा रहा है कि दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई पुलेंदर कुमार ने बताया कि गुड्डू रवि एक महीने पहले ही रोजगार की तलाश में रायपुर आया था और संतोष कुमार नाम के ठेकेदार के साथ काम कर रहा था। हादसे वाले दिन दोपहर में दोनों की बातचीत भी हुई थी। शाम करीब चार बजे गुड्डू के फोन से कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। जब परिजन रायपुर के मेकाहारा अस्पताल पहुंचे, तो गुड्डू मृत अवस्था में मिला। बाद में ठेकेदार ने बताया कि वह मिट्टी में दब गया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे की सही जानकारी उन्हें नहीं दी गई और बीमारी का बहाना बनाकर सच्चाई छिपाई गई। उन्होंने मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गुड्डू रवि अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गया है। बेटियों की उम्र क्रमशः 5 साल, 3 साल और 9 महीने है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पत्नी माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.
