रायपुर में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: बर्खास्त पुलिसकर्मी ने पत्नी और सौतेली बेटी को उतारा मौत के घाट, चरित्र पर शक बना हत्या की वजह, कुल्हाड़ी और लोटे से किया हमला; आरोपी गिरफ्तार!

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया गांव में 1 अप्रैल को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी गुलाब राम साहू ने अपनी पत्नी हेमलता साहू (35) और सौतेली बेटी चित्रा साहू (22) पर कुल्हाड़ी और कांसे के लोटे से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के पीछे पत्नी के चरित्र पर शक और पारिवारिक विवाद को मुख्य कारण बताया जा रहा है।
खून से लथपथ मिलीं मां-बेटी की लाशें….
घटना की जानकारी तब मिली जब मृतका हेमलता के भाई नवनीत कुमार साहू को उसकी छोटी बहन ने फोन कर बताया कि घर में दोनों की हत्या हो गई है। परिजन मौके पर पहुंचे तो मां-बेटी की लाशें खून से सनी जमीन पर पड़ी थीं। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे।
पहले बेटी पर हमला, फिर पत्नी को भी मार डाला…..
जांच में सामने आया कि आरोपी का पहले सौतेली बेटी चित्रा से विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर उसने उस पर हमला कर दिया। जब पत्नी हेमलता बीच-बचाव करने आई तो आरोपी ने गुस्से में उसे भी मौत के घाट उतार दिया। घटनास्थल से खून से सना लोटा और कुल्हाड़ी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इन्हें जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी गिरफ्तार…
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी गुलाब राम साहू को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सोनसरी का निवासी है।
4 साल पहले की थी दूसरी शादी….
पुलिस के मुताबिक हेमलता साहू ने करीब चार साल पहले गुलाब साहू से दूसरी शादी की थी। चित्रा उसकी पहली शादी से बेटी थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
