दर्दनाक सड़क हादसा, कार ने बाइक और ट्रक को मारी टक्कर, दो की मौत, चार घायल…..

बालोद: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। तेज रफ्तार में जा रही एक कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। पहले कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर कुछ ही दूरी पर खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार यस करण और आकाश बोरकर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग अर्टिगा कार को किराए पर लेकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। दुर्घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही डौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना सामने आया है। पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है, और स्थानीय लोग मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जता रहे हैं।


















