ड्रग्स का बड़ा खुलासा, चार तस्कर गिरफ्तार, दो हथकड़ी समेत फरार….

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरस्वती नगर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। साइंस कॉलेज मैदान के पास बीती रात कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार तस्करों को पकड़ा था, लेकिन छापेमारी के दौरान दो आरोपी हथकड़ी समेत मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की पहचान खिलावन साहू और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पहले भी NDPS एक्ट में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने आयुष दुबे उर्फ मयंक और मृत्युंजय दुबे उर्फ एमडी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से 26.22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई है, जिसकी कीमत ढाई लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। इसके अलावा एक काली हुंडई कार, सात मोबाइल फोन और अन्य सामान मिलाकर लगभग 23 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई है। सूचना मिली थी कि चार युवक कार में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। पुलिस टीम के अचानक पहुंचने पर सभी को पकड़ा गया, लेकिन दो आरोपी भागने में सफल हो गए। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है और इस ड्रग्स नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच चल रही है।
