पचपेड़ी; कुछ मिनट की लापरवाही, उजड़ गया परिवार..पिता मोबाइल पर बात करते रहे, इधर गहरे पानी में समा गए दोनों बच्चे, गांव में पसरा मातम!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटी में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने पिता के साथ तालाब गए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पिता कुछ दूरी पर मोबाइल पर बातचीत करने लगे और उनकी नजर बच्चों से हट गई। इसी बीच दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए। जानकारी के अनुसार, चिल्हाटी निवासी भक्त प्रहलाद पैकरा गुरुवार शाम अपने बेटे दीपू पैकरा (7) और चींटू पैकरा (4) को लेकर गांव के तालाब गए थे। तालाब के पास बच्चों को छोड़कर वे कुछ दूरी पर मोबाइल पर बातचीत करने लगे। इसी दौरान चींटू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। भाई को पानी में डूबता देखकर दीपू उसे बचाने के लिए तालाब में उतर गया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दोनों बच्चे डूबने लगे। इसी बीच एक ग्रामीण की नजर पानी में डूबते बच्चों पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और परिजनों के साथ पचपेड़ी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को मस्तूरी अस्पताल रेफर किया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया। पचपेड़ी पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दो मासूम भाइयों की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद पूरे चिल्हाटी गांव में शोक की लहर है।
