ज्वेलरी शॉप में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 1.50 लाख के जेवर और बाइक बरामद…..

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) आरंग थाना क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आरंग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और चोरी की दो बाइक, कुल 1.50 लाख रुपए कीमत का मशरूका बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम लखौली निवासी ज्वेलर राजेन्द्र सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से पुलिस ने तिल्दा निवासी अजित जोगी देवार (21 वर्ष) और उसके भाई कुलदीप देवार (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल की और बताया कि उन्होंने यह वारदात थाना पंडरी और खरोरा से चोरी की गई बाइकों से की थी। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए जेवर और बाइक जब्त कर ली है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आरंग निरीक्षक राजेश सिंह और एसीसीयू की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
