समता एक्सप्रेस के एसी कोच में 20 लाख की बड़ी चोरी, महिला यात्री का बैग चोरों ने किया पार….

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ आने-जाने वाली ट्रेनों में सक्रिय चोर गैंग अब यात्रियों के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं। खासकर एसी कोच जैसे सुरक्षित माने जाने वाले डिब्बों में लगातार बेखौफ होकर हो रही चोरियों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। ताजा मामला समता एक्सप्रेस का है, जहां चोरों ने शंकर नगर सेक्टर-01 निवासी महिला यात्री को निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक, महिला अपने बैग में नगदी समेत करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने, चांदी और हीरे के गहने लेकर सफर कर रही थी। लेकिन सफर के दौरान चोरों ने बड़ी साजिश के साथ बैग पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए। यह कोई पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी चलती ट्रेनों में कई बार इस तरह की बड़ी चोरियां हो चुकी हैं। लेकिन RPF और GRP अब तक इन गैंग को पकड़ने में नाकाम साबित हुए हैं। इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल इस मामले में रायपुर जीआरपी ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों में खौफ का माहौल है। बड़ा सवाल यही है कि जब एसी कोच में भी यात्री सुरक्षित नहीं हैं तो रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए?
