AE पर ACB का एक्शन: 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया बिजली विभाग का अधिकारी..खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला……

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में पदस्थ एक सहायक अभियंता (AE) को 25000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार, 21 अप्रैल को की गई। जानकारी के मुताबिक, भिलाई चरोदा निवासी बी. शिवाजी राव ने ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने रायपुर के चंगोराभाठा जोन में अपने एसी सर्विस व्यवसाय के लिए 12 किलोवाट थ्री-फेस बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि वहां पदस्थ सहायक अभियंता प्रवीण साहू ने कनेक्शन जारी करने के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया और प्रवीण साहू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। फिलहाल आरोपी AE के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ACB की इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य अधिकारियों पर भी निगरानी तेज कर दी गई है।
