बिलासपुर; टोने-टोटके के नाम पर लूट! बुजुर्ग महिला से 9 तोला सोना और कैश लेकर ठग फरार…खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) टोना-टोटका के नाम पर बुजुर्ग महिला से ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तीन ठगों ने 70 वर्षीय महिला को गहनों में कलह का डर दिखाकर 9 तोला सोना और 6 हजार रुपए कैश झाड़फूंक के बहाने ठग लिए। बदले में उन्होंने महिला को थमाया सिर्फ कागजों से भरा पैकेट और हो गए फरार। घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे की है। शुभम विहार बाबाजी रेसीडेंसी की रहने वाली हेमलता भोसले बीपी की दवा और मोबाइल चार्जर लेने मंगला चौक गई थीं। लौटते वक्त 36 मॉल के पास उन्हें सलवार पहनी एक युवती (करीब 17 वर्ष), एक महिला (करीब 45 वर्ष) और पैंट-शर्ट पहना एक व्यक्ति (करीब 55 वर्ष) मिले। तीनों ने खुद को भी उसी दिशा में जाने वाला बताया और उन्हें एक इलेक्ट्रिक ऑटो में बैठा लिया। रास्ते में तीनों ने टोना-टोटका की बातों में हेमलता को उलझाया और राजेंद्र नगर चौक होते हुए बृहस्पति बाजार गार्डन की ओर ले गए। वहां उन्होंने कहा कि उसके गहनों में कलह है, जिससे परिवार में अशांति बनी रहती है। झाड़फूंक से समस्या दूर करने का झांसा देकर उन्होंने हेमलता से 3 तोला की सोने की चेन, 5 तोला की चूड़ियां, 3 ग्राम की अंगूठी और 6 हजार रुपए नकद काले कपड़े में बांधकर ले लिए। ठगों ने उसे बदले में एक मोटा पैकेट दिया और ऑटो में बैठाकर वापस भेज दिया। जब महिला ने पैकेट खोला, तो उसमें सिर्फ कागज निकले। ठगी का एहसास होते ही हेमलता थाने पहुंचीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ठगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने की अपील……
बुजुर्गों से किसी भी तरह के झाड़फूंक, टोने-टोटके या अंजान लोगों की बातों में न आने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
