बिलासपुर; कार में आतीं, गहने उड़ातीं और फरार हो जातीं– महिला गैंग का पर्दाफाश!..बहनों के गैंग ने उड़ा दिए लाखों के जेवर!..3 साल से चल रही थी सुनियोजित चोरी, CCTV में फंसी महिला चोरों की टोली! खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर में बीते 2-3 सालों से ज्वेलर्स की दुकानों में लगातार हो रही गहनों की चोरी का पर्दाफाश हो गया है। शिवशंकर ज्वेलर्स बिल्हा के संचालक मनोहर जायसवाल की सतर्कता से एक बड़ा गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि संजना साहू नाम की महिला अपने महिला साथियों के साथ मिलकर गहनों की चोरी कर रही थी। सीसीटीवी में साफ दिखा कि संजना अपने अन्य महिला रिश्तेदारों के साथ दुकान में गहनों की खरीदी के बहाने आती थी और मौका मिलते ही कीमती सोने-चांदी के जेवरात पार कर देती थी। मनोहर जायसवाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने IPC की धारा 305, 3(5) भान्यास के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह की मुखिया संजना साहू सहित सभी महिला आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार किया। गिरफ्तार महिलाएं बहतराई, बिलासपुर की निवासी हैं और चोरी करने कार से आती थीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 23 तोला सोना, 1.6 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 447000 रुपये नकद सहित कुल 2683230 रुपये का माल बरामद किया है। साथ ही चोरी में उपयोग की गई दो कारें भी जब्त की गई हैं। मुख्य आरोपी संजना ने बताया कि चोरी के गहनों को उसका पति बाजार में बेचता था। हैरानी की बात यह है कि सभी महिला आरोपी आपस में रिश्तेदार (बहनें) हैं। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही इस गिरोह के अन्य संभावित अपराधों और संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी….
01. संजना साहू उर्फ रेखा तिवारी पति संजू तिवारी उम्र 36 वर्ष,
02. सीमा साहू पति गोलू साहू उम्र 30 वर्ष दोनो निवासी बहतराई थाना सरकण्डा जिला बिलासपुर,
03. अनिता साहू पति कोमल साहू उम्र 25 वर्ष,
04. कोमल साहू पिता सुखराम साहू उम्र 26 वर्ष दोनो निवासी आरटीओ आफिस लगरा के पास चौकी मोपका थाना सरकण्डा जिला बिलासपुर।

