VIDEO! बिलासपुर; पेंड्रीडीह बायपास से हटे 26 बेजा कब्जे, हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर..खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला……

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन ने शनिवार को बड़ा एक्शन लेते हुए रायपुर रोड स्थित पेंड्रीडीह बायपास के आसपास किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में कुल 26 अतिक्रमण हटाए गए। सुबह 10 बजे से शुरू हुई यह कार्रवाई नायब तहसीलदार बोदरी के नेतृत्व में की गई, जिसमें राजस्व विभाग, पुलिस, एनएचएआई और स्थानीय पंचायत की टीमों ने भाग लिया। अतिक्रमण करने वालों ने सड़क मद और घास भूमि पर अवैध रूप से दुकानें, मकान और ठेले लगा रखे थे। कार्रवाई की चपेट में आए लोगों में पुरुषोत्तम, सुधाराम, महेश साहू, कृष्ण कुमार, सुल्तान, रामप्यारी, मिलउराम, हसन अंसारी, कन्हैयालाल, मनीष गढ़वाल, रामप्रसाद, दसरू पाल, राहुल नाग, संजू सिंह, तितरा, राजू, अशोक श्रीवास, प्रताप, कुंज बिहारी, नरेंद्र कुमार, धनीराम साहू, दुकालू और प्रेम साहू शामिल हैं। यह कार्रवाई जनहित याचिका क्रमांक 58/2019 (संजय रजक विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य व अन्य) पर उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा पारित आदेश के पालन में की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
