VIDEO! बिलासपुर; बिल्डर की दबंगई! निजी जमीन से मुरुम चोरी, पुलिस ने पकड़ी जेसीबी-ट्रक…नगर निगम का झांसा देकर हो रही थी चोरी, बिल्डर की दबंगई से दहशत में स्थानीय लोग, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला……..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) प्रदेश के चर्चित बिल्डर रामा वर्ल्ड कंपनी एक बार फिर विवादों में है। इस बार कंपनी पर निजी जमीन से अवैध रूप से मुरुम चोरी करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। मामला तिफरा सेक्टर-डी का है, जहां पीड़ित परिवार ने चोरी का वीडियो बनाकर सबूत जुटाए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन व ट्रक जब्त कर लिया। पीड़ित अजीत कुमार वर्मा और उनके परिवार के अनुसार, उनकी निजी जमीन से रातों-रात मुरुम निकाला जा रहा था। जब गौतम बाई वर्मा, सविता वर्मा और आरती वर्मा ने इसका विरोध किया, तो जेसीबी ऑपरेटर और अन्य लोगों ने धमकियां दी और अभद्र व्यवहार किया। परिवार का आरोप है कि चोरी का यह खेल नगर निगम का नाम लेकर किया जा रहा था, जबकि असल में इसका कोई आधिकारिक आदेश नहीं था। परिवार की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और एक ट्रक GG 10 AW 3916 व जेसीबी मशीन CG 10 B 9205 जब्त कर सिरगिट्टी थाने के हवाले कर दिया। पुलिस अब खनिज विभाग को मामले की जांच सौंपने की तैयारी में है। पीड़ित परिवार का कहना है कि रामा वर्ल्ड कंपनी के मालिक और ठेकेदार रसूखदार हैं, जिनके चलते स्थानीय लोगों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि इससे पहले एयरपोर्ट के पास सेना की जमीन से करोड़ों की मिट्टी व मुरुम की चोरी की खबरें सामने आई थीं। हाईकोर्ट ने उस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए खनिज विभाग और जिला प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अब देखना यह होगा कि इस मामले में प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है या फिर यह रसूखदार बिल्डर फिर बच निकलता है!
