VIDEO; बिलासपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से गांजा तस्करों में हड़कंप! नेशनल हाईवे पर पुलिस का जाल, 100 किलो गांजा के साथ दबोचे गए तस्कर..उड़ीसा से यूपी तक सप्लाई की साजिश, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला………

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) नशे के कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 100 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। तीन आरोपी इस नशे के जाल में फंसे पाए गए, जो ओडिशा से यूपी तक गांजा सप्लाई करने की फिराक में थे। घटना 24 मार्च 2024 की है। प्रधानमंत्री के जिले में प्रवास के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध कार टाटा नेक्सॉन UP 44 BH 3072 रायपुर से अम्बिकापुर की ओर जा रही है। मोपका बाईपास, नेशनल हाईवे-130 पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने इस कार को रोका। कार में सौरभ यादव, सचिन यादव और विष्णु सिंह सवार थे। पूछताछ के दौरान उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, तो पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली। जैसे ही गाड़ी खोली गई, अंदर छुपाकर रखे गए 100 पैकेट गांजे का पर्दाफाश हो गया। ब्राउन टेप से पैक किए गए तीन थैलों में रखा यह गांजा 100 किलो था, जिसकी कीमत लगभग 23.25 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया कि वे 20 मार्च को उड़ीसा से गांजा खरीदकर लाए थे और इसे रायपुर-बिलासपुर होते हुए उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर तक पहुंचाने की फिराक में थे। लेकिन बिलासपुर पुलिस की मुस्तैदी ने उनकी योजना ध्वस्त कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तस्करों से बरामद टाटा नेक्सॉन कार, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 100 किलो गांजा जब्त कर लिया गया है। अब पुलिस आरोपियों से नशे की सप्लाई चेन और नेटवर्क की जानकारी निकालने के लिए फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन कर रही है।
ये हैं पकड़े गए आरोपी…..
01. सौरभ यादव उर्फ पंकज पिता विजय बहादुर यादव उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम नारायणपुर पोस्ट बदलापुर थाना बदलापुर जिला जौनपुर,
02. सचिन उर्फ मोंटी यादव पिता जयप्रकाश यादव उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम पहाड़पुर श्रीरामपुर थाना कादीपुर जिला सुल्तानपुर,
03. विष्णु सिंह पिता मनमोहन सिंह उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम पोस्ट कादीपुर थाना कादीपुर जिला सुल्तानपुर (यू.पी.)
