शराब पार्टी के बाद हत्या: पति-पत्नी ने युवक को पत्थर से कुचलकर मार डाला, दोनों गिरफ्तार..तालाब के पास मिली खून से सनी लाश, पढ़िए पूरी खबर……

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) शराब के नशे में बहस इतनी बढ़ गई कि पति-पत्नी ने मिलकर अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार बनेकेला गांव के 35 वर्षीय फागुराम राठिया की लाश सुबह गांव के तालाब के पास पड़ी मिली। उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। ग्रामीणों ने शव देखते ही पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बीती रात फागुराम, रोहित कुमार कोरवा और उसकी पत्नी पंचमी कोरवा ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर रोहित और पंचमी ने मिलकर पहले फागुराम को लात-घूंसों से पीटा, फिर उसके सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। लैलूंगा थाना प्रभारी राजेश कुमार जांगड़े ने बताया कि पुलिस ने जब दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गांव में इस हत्याकांड के बाद सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और कहीं इसके पीछे कोई और कारण तो नहीं था।

