VIDEO; जमीन विवाद: बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला पर गंभीर आरोप! महिला वकील बोलीं– गाली-गलौज कर उसी जमीन में गाड़ने की मिली धमकी, विवाद ने पकड़ा तूल..पुलिस अधीक्षक से हुई शिकायत, वीडियो देख पढ़िए पूरी खबर……..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना क्षेत्र में स्थित अरपा नदी किनारे शिव घाट के पास की एक जमीन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में महिला वकील साधना जायसवाल ने बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला पर दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें विधायक पर निजी जमीन पर कब्जे की कोशिश और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
विधायक बोले– सरकारी जमीन का मामला, आरोप झूठे…..
वहीं विधायक सुशांत शुक्ला ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि यह सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला है, जिसकी शिकायत उन्हें स्थानीय निवासियों ने की थी। विधायक ने गलत सीमांकन और प्रभावित जमीन का गलत तरीके से मुआवजा लेने का भी आरोप लगाया है।
उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी विवाद जारी……
महिला वकील साधना जायसवाल का दावा है कि विवादित जमीन उनके स्वामित्व की है और अतिरिक्त तहसीलदार के आदेश के बाद नाप-जोख की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी। उनका कहना है कि मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा था, जहां अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। न्यायालय के आदेश के तहत 31 दिसंबर 2024 को जमीन की नाप-जोख कर कब्जा उन्हें सौंप दिया गया था।
गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप…….
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने विधायक और उनके समर्थकों द्वारा किए जा रहे कब्जे को रोकने का प्रयास किया, तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उन्होंने विधायक पर अपने पद का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई गई है और पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के दावों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
