बिलासपुर! अरपापार सरकंडा को अलग नगर निगम बनाने की मांग तेज, “वादा निभाओ आंदोलन” की घोषणा…जनता से धोखा नहीं चलेगा, जल्द पूरा हो वादा, पढ़िए पूरी खबर……..


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा क्षेत्र को पृथक नगर निगम का दर्जा देने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। नागरिक सुरक्षा मंच के संयोजक अमित तिवारी ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान शहर विधायक अमर अग्रवाल ने अरपापार को अलग नगर निगम बनाने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादा अधूरा है। तिवारी ने कहा कि अरपापार नगर निगम के 22 वार्डों में चुनावी हलचल तेज है, लेकिन यहां की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अरपापार के लोग केवल आश्वासनों पर भरोसा करते रहेंगे या उन्हें उनके अधिकार भी मिलेंगे? उन्होंने याद दिलाया कि 2023 के विधानसभा चुनावों में शहर विधायक अमर अग्रवाल ने घोषणा पत्र में स्पष्ट रूप से अरपापार को अलग नगर निगम बनाने का आश्वासन दिया था। चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिससे अरपापार के मतदाताओं ने उन्हें भारी समर्थन दिया था। लेकिन चुनाव जीतने के बाद इस वादे पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे स्थानीय जनता में नाराजगी बढ़ रही है। तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि यह मांग पूरी नहीं हुई तो सत्ताधारी दल को नगरीय निकाय चुनावों में जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने घोषणा की कि चुनाव के बाद “वादा निभाओ आंदोलन” चलाया जाएगा, ताकि जनता को उनके अधिकार मिल सकें।
जनता से धोखा नहीं चलेगा, जल्द पूरा हो वादा…….
उन्होंने कहा कि जनता नेताओं को जिताना जानती है, तो उन्हें सत्ता से उतारना भी जानती है। अरपापार की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और यदि शीघ्र ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो जन आंदोलन अपरिहार्य होगा।


