बिलासपुर के धार्मिक नगरी में तेज आवाज डीजे बजाना पड़ा भारी..पुलिस ने माजदा समेत डीजे उपकरण किए जब्त!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में कार्रवाई करते हुए डीजे लगे माजदा वाहन समेत उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस की कार्रवाई से तेज आवाज में डीजे बजाने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, मल्हार बस्ती क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BS 643 में डीजे लगाकर तेज आवाज में बजाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से वाहन के साथ 03 एम्प्लीफायर, जनरेटर सहित अन्य डीजे उपकरण जब्त किए। मामले में वाहन चालक सुनील कुमार यादव पिता हीरालाल यादव, निवासी मेन रोड मल्हार के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 4, 5 एवं 15 के तहत कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

