बिलासपुर में गणेश विसर्जन में बवाल : तीन युवतियों के मारपीट का VIDEO वायरल होने के बाद पुलिस ने थाने बुलाकर कराई उठक-बैठक
बिलासपुर में गणेश विसर्जन के दौरान युवतियों की मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने तीन युवतियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर थाने में समझाइश दी।

बिलासपुर। गणेश विसर्जन के दौरान युवतियों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में कुछ युवतियां एक अन्य युवती के साथ मारपीट करती नजर आ रही थीं। मामला सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवतियों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया।
वीडियो सामने आते ही हरकत में आई पुलिस
पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में तीन युवतियां एक युवती के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही थीं। वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने उपासना पारचे, तैयबा परवीन और पूर्वा कौशल की पहचान की और उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, जिस युवती के साथ मारपीट हुई थी, उसने घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर विवाद और मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए तीनों युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
थाने में कराई उठक-बैठक
कोतवाली पुलिस ने तीनों युवतियों को समझाइश देते हुए दोबारा इस तरह की हरकत नहीं करने की चेतावनी दी। पुलिस के मुताबिक, थाने में तीनों से कान पकड़कर उठक-बैठक भी कराई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने दी कार्रवाई की जानकारी
पूरे मामले में कोतवाली थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर ने पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले को संज्ञान में लेकर संबंधित युवतियों की पहचान की गई और उन्हें थाने बुलाकर समझाइश दी गई।

