बिलासपुर; बारिश में बेहोश युवक का मोबाइल चोरी, UPI से उड़ाए 2.84 लाख..पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) चकरभाठा थाना क्षेत्र में मदद के बहाने मोबाइल चोरी कर उसके जरिए बैंक खातों से लाखों रुपये निकालने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े और 15 हजार रुपए नगद समेत करीब 75 हजार रुपए का सामान बरामद किया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर की रात तेज बारिश के दौरान प्रार्थी सूरज सतनामी इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास रुका था। इसी दौरान वह बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसका मोबाइल गायब था। कुछ दिन बाद नया सिम लेकर मोबाइल में लगाने पर उसे UPI ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले। जांच में पता चला कि उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और बैंक संबंधी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी करने और स्क्रीन लॉक खोलकर उसमें मौजूद आधार कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल करते हुए PhonePe व Paytm को रीसेट करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के साथ ऑनलाइन गेमिंग आईडी में डालने तथा खाने-पीने और कार में घूमने में खर्च किया। मामले में विवेक वर्मा, करन नायक, गौरीशंकर साहू उर्फ लालू और गगन उर्फ शिबू साहू को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

