धमतरी के CG05 लॉज में युवती की संदिग्ध मौत : कमरे में मिला 22 वर्षीय पिंकी का शव, FSL जांच शुरू
धमतरी शहर के CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कमरे से 22 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

धमतरी। शहर के CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कमरे से 22 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी (22), निवासी कवर्धा के रूप में बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिंकी 24 सितंबर से CG05 रेस्टोरेंट-लॉज में ठहरी हुई थी। कमरे में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस को बुलाया गया।
FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। FSL टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की और घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित किया। पुलिस केवल कमरे तक सीमित नहीं रही, बल्कि लॉज के अन्य हिस्सों की भी जांच की जा रही है। जांच अधिकारियों का प्रयास है कि युवती की मौत से पहले की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े अहम सुराग सामने आ सकें।
लॉज स्टाफ से पूछताछ, आने-जाने वालों की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस ने लॉज संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। युवती कब लॉज पहुंची, किसके साथ आई थी, उसके संपर्क में कौन लोग थे और मौत से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं, इन सभी बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा लॉज में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी पुलिस खंगाल रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवती के कमरे में घटना से पहले किसी की आवाजाही हुई थी या नहीं।
मौत की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल पुलिस ने युवती की मौत को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। मामले में अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है। FSL से मिले साक्ष्यों और अन्य जांच प्रक्रियाओं के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

