बिलासपुर! शराब भट्टी हटाओ या स्कूल शिफ्ट करो: पूर्व पार्षद..शराब दुकान के कारण छात्राओं को हो रही परेशानी, नहीं सुनी गई मांग तो होगा आंदोलन, पढ़िए पूरी खबर……..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) वार्ड क्रमांक 36 बसंत भाई पटेल नगर के मधुबन क्षेत्र में स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग जोर पकड़ रही है। इस दुकान के कारण खासकर महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल की छात्राओं को असामाजिक तत्वों की छींटाकशी और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिक भी लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा के दौरान पूर्व पार्षद उमेश चंद्र कुमार ने कहा कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र में छेड़खानी, गुंडागर्दी और हुड़दंग की घटनाएं आम हो गई हैं। इससे वहां से गुजरने वाले नागरिकों को शर्मिंदगी महसूस होती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मधुबन मार्ग से इस शराब दुकान को हटाया जाए, अन्यथा महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल को ही किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाए। पूर्व पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि इस मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो चुनाव के बाद वे वार्ड के नागरिकों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे शराब दुकान के विरोधी नहीं हैं, लेकिन जिस स्थान पर यह दुकान स्थित है, वहां की परिस्थितियों को देखते हुए इसका हटाया जाना जरूरी है। उमेश चंद्र ने कहा कि वे पिछले 1995 से लगातार पार्षद रहे हैं और छह बार की पार्षदी में वार्डवासियों की सेवा को ही प्राथमिकता दी है। उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने की वजह भी स्पष्ट की और कहा कि उन्हें भाजपा से टिकट भले ही न मिला हो, लेकिन वे पार्टी के खिलाफ नहीं हैं। वे अब भी भाजपा के साथ हैं और भविष्य में भी रहेंगे, लेकिन जनता की सेवा के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है और क्या शराब दुकान को हटाने की दिशा में कोई ठोस निर्णय लिया जाता है या नहीं।

