BilaspurChhattisgarhCrimeHealthRaftaar News Cg

बिलासपुर में कान दर्द की शिकायत लेकर पहुंची महिला..एंजियोप्लास्टी के बाद मौत; अस्पताल में हंगामा..डॉक्टर की भूमिका पर गंभीर सवाल!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) न्यायधानी बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल में एक महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। कान में दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची महिला के हृदय में ब्लॉकेज मिलने के बाद एंजियोप्लास्टी की गई, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों के बीच अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि मरीज को पहले हार्ट अटैक आ चुका था और परिजनों की सहमति के बाद ही एंजियोप्लास्टी की गई थी। अब इस पूरे मामले में इलाज की प्रक्रिया और संबंधित डॉक्टर की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मस्तूरी क्षेत्र के ठाकुरदेवा निवासी सुखम बाई साहू को कान में दर्द की शिकायत के बाद उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। परिजनों के मुताबिक, उन्हें सिम्स से कोनी स्थित सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल भेजा गया था। वहां जांच के दौरान महिला के हृदय में ब्लॉकेज होने की जानकारी दी गई। इसके बाद एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी कराने की सलाह दी गई। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद महिला को नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल लाया गया, जहां कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक कुमार ने एंजियोप्लास्टी की। लेकिन उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। रविवार को बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा किया। मृतका की बेटी संगीता साहू ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी मां की जान चली गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई करने तथा अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की।

डॉ. अभिषेक कुमार की भूमिका पर उठाए सवाल…….

इस पूरे मामले में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कोनी के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक कुमार की भूमिका को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि महिला को कोनी स्थित सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल भेजे जाने के बाद डॉ. अभिषेक कुमार ने उन्हें नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल जाने की सलाह दी थी। परिजनों के अनुसार, इसके बाद डॉ. अभिषेक कुमार स्वयं श्रीराम केयर हॉस्पिटल पहुंचे और महिला की एंजियोप्लास्टी की। इसी प्रक्रिया के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजन अब यह जानना चाहते हैं कि मरीज को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भेजने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए एंजियोप्लास्टी करना उचित था? प्रक्रिया से पहले मरीज की मेडिकल स्थिति का पूरा आकलन किया गया था या नहीं? इन सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

अस्पताल प्रबंधन ने क्या कहा?

वहीं, श्रीराम केयर हॉस्पिटल के जनरल मैनेजर रजनीश तिवारी ने अस्पताल का पक्ष रखते हुए बताया कि महिला को करीब डेढ़ साल पहले हार्ट अटैक आया था। इसकी जानकारी परिजनों को भी थी। मरीज को सांस लेने में भी परेशानी होती थी। उन्होंने बताया कि महिला को कान के इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था और दोपहर करीब 3 बजे भर्ती किया गया। जांच के दौरान हृदय में ब्लॉकेज सामने आया, जिसकी जानकारी परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजनों की सहमति से एंजियोप्लास्टी की गई। प्रबंधन के मुताबिक, मरीज एंजियोप्लास्टी की प्रक्रिया को सस्टेन नहीं कर पाई, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मैनेजर ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दी गई थी और अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी उपचार से संबंधित दस्तावेज थाने में जमा कराए गए हैं।

जांच से ही सामने आएगी मौत की असली वजह……

फिलहाल इस मामले में परिजनों के आरोप और अस्पताल प्रबंधन के दावों के बीच कई अहम सवाल खड़े हैं। महिला को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भेजने की परिस्थितियां, एंजियोप्लास्टी से पहले उसकी मेडिकल स्थिति, प्रक्रिया के लिए दी गई सहमति, उपचार के दौरान अपनाई गई सावधानियां और डॉक्टर की भूमिका जांच के प्रमुख बिंदु हो सकते हैं। अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच में मेडिकल रिकॉर्ड, उपचार संबंधी दस्तावेज और अन्य तथ्यों की पड़ताल अहम होगी। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और किसी स्तर पर चिकित्सकीय लापरवाही हुई थी या नहीं।

YOUTUBE RAFTAAR NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Latest
मटियारी में लगा स्वास्थ्य शिविर..200 से ज्यादा ग्रामीणों की हुई जांच; मुफ्त एक्स-रे से लेकर दवाइयों ... बिलासपुर में कान दर्द की शिकायत लेकर पहुंची महिला..एंजियोप्लास्टी के बाद मौत; अस्पताल में हंगामा..डॉ... बिलासपुर में बेजुबान पर कार का कहर; सड़क पर बैठी गाय को कुचला, CCTV में कैद हुई बेरहमी..FIR दर्ज! सीपत; घर में घुसा चोर, सामना होते ही गृहस्वामी का सिर रॉड से फोड़ा..वारदात के बाद फरार, गांव में दहश... सीपत में जंगल की रखवाली या कागजों में पहरेदारी? बीट गार्ड के निवास के पास ही कट गए 7 सागौन के पेड़..... सिम्स में भर्ती युवक शाम को घर भागा, सुबह बिगड़ी तबीयत तो पहुंचा अस्पताल..डॉक्टरों ने मृत घोषित किया... वोटर लिस्ट में 24.99 लाख नाम कम होने पर सियासत गरमाई : मोहम्मद अकबर ने फॉर्म-7 के इस्तेमाल पर उठाए स... मुंगेली में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन पर बड़ा फैसला : म्यूल अकाउंट इस्तेमाल करने वाले आरोपी को 3 स... कोरिया में भीषण सड़क हादसा : राजहंस बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत, 4 बच्चों समेत 14... सरगुजा में हाथियों ने मचाया उत्पात : एक महीने में 12 से ज्यादा घर तोड़े, 100 हेक्टेयर से अधिक फसलें क...