मटियारी में लगा स्वास्थ्य शिविर..200 से ज्यादा ग्रामीणों की हुई जांच; मुफ्त एक्स-रे से लेकर दवाइयों तक की सुविधा!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय निश्चय निरामय अभियान के द्वितीय चरण में ग्राम मटियारी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चेस्ट एक्स-रे शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के 200 से अधिक लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। इस दौरान चेस्ट एक्स-रे के साथ बीपी, शुगर, एचआईवी, सिफलिस एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर का मुख्य उद्देश्य टीबी (क्षय रोग) सहित फेफड़ों और छाती से संबंधित बीमारियों की समय रहते पहचान करना तथा ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, टीबी की समय पर पहचान होने से मरीजों को जल्द उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे बीमारी के संक्रमण को रोकने और टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से निःशुल्क चेस्ट एक्स-रे की सुविधा का बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। इसके अलावा बीपी, शुगर, एचआईवी और सिफलिस की जांच के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध हुईं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मटियारी के सरपंच सतीश केसर, पंच कृष्णा यादव, सरोज शिकारी, कपिल शिकारी, जय टाइगर, संतोष केसर, सुरेंद्र जायसवाल, राजेंद्र अग्रहरि, उपसरपंच भारतगिरि गोस्वामी, भाजपा जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ के डॉ. ब्रजकिशोर अग्रहरि, डीटीओ शर्मा, रेडियोग्राफर वीरभद्र, आरएचओ सोहन कुम्भकार, एएनएम लता प्रभाकर, एसटीएस सरोजनी करियारे सहित मितानिन और गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर गांवों में नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि लोगों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिल सके।




