सीपत वन विभाग के सरकारी दफ्तर में जाम छलकने का वीडियो वायरल; डिप्टी रेंजर चिकन-मटन बनाते दिखे..10-15 बाहरी युवकों के साथ पार्टी का वीडियो वायरल!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) वन विभाग का काम जंगलों और वन संपदा की सुरक्षा करना है, लेकिन बिलासपुर वन मंडल के सीपत वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय से सामने आए एक वीडियो ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को सरकारी कार्यालय के भीतर शराब पार्टी आयोजित किए जाने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में सीपत वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल के साथ करीब 10 से 15 बाहरी युवक पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वहीं, डिप्टी रेंजर कार्यालय के किचन में चिकन-मटन बनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कार्यालय के भीतर कई लोग डिस्पोजल गिलास में शराब जैसी दिखाई देने वाली सामग्री लिए नजर आ रहे हैं। वीडियो में पार्टी चलने की बात भी कही जा रही है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह पूरी गतिविधि दिखाई दे रही है, उसके ठीक सामने वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय, सीपत का बोर्ड लगा हुआ है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सरकारी कार्यालय के भीतर बाहरी युवकों के साथ इस तरह की महफिल किसकी अनुमति से सजाई गई थी?
सवाल पूछने पर डिप्टी रेंजर का जवाब- ‘बिना परमिशन कैसे घुसे, यह मेरा प्राइवेट रूम है’
वीडियो में जब डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल से कार्यालय के भीतर चल रही पार्टी को लेकर सवाल-जवाब किया जाता है, तो वे सवाल पूछने वाले व्यक्ति से ही पूछते नजर आते हैं कि बिना परमिशन कैसे अंदर घुसे और किससे अनुमति लेकर आए हैं। इस दौरान वे संबंधित कमरे को अपना ‘प्राइवेट रूम’ बताते हुए भी सुनाई देते हैं। उनका यह जवाब अब चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यह है कि वन विभाग के सरकारी कार्यालय के भीतर मौजूद कमरा निजी कैसे हो सकता है और वहां बाहरी लोगों के साथ इस तरह की गतिविधियों की अनुमति किस आधार पर दी गई?
अब वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की कार्रवाई का इंतजार……
सरकारी कार्यालय में शराब पार्टी के आरोप और वायरल वीडियो ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि बिलासपुर वन मंडल के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को संज्ञान में लेकर जांच कराते हैं या नहीं। क्या डिप्टी रेंजर से जवाब तलब किया जाएगा? क्या कार्यालय परिसर में बाहरी लोगों के जमावड़े और कथित शराब पार्टी की जांच होगी? यदि वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाएगी? फिलहाल इस पूरे मामले में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिक्रिया और आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।




