बिलासपुर में बेजुबान पर कार का कहर; सड़क पर बैठी गाय को कुचला, CCTV में कैद हुई बेरहमी..FIR दर्ज!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना क्षेत्र की विजयापुरम कॉलोनी में सड़क पर बैठी गाय को कार से कुचलने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार सड़क पर बैठी गाय के ऊपर से गुजरती दिखाई दे रही है। बेजुबान के साथ हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों की नाराजगी के बाद सरकंडा पुलिस ने अरविंद तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, विजयापुरम कॉलोनी में एक गाय सड़क पर बैठी हुई थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार उसके ऊपर से निकल गई। घटना इतनी गंभीर थी कि गाय को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक पर जानबूझकर गाय को कुचलने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कार सड़क पर बैठी गाय के ऊपर से गुजर रही है। फुटेज को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बैठे बेजुबान के प्रति थोड़ी संवेदनशीलता दिखाई जाती तो ऐसी घटना को टाला जा सकता था। मामले में लोगों के विरोध और शिकायत के बाद सरकंडा पुलिस ने अरविंद तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज सहित घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें चालक की भूमिका क्या थी, इसका खुलासा जांच के बाद होगा। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर बेजुबान पशुओं की सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




