VIDEO! बिलासपुर/मुंगेली जिले के इस फैक्ट्री में बड़ा हादसा, चिमनी गिरने से 8 मजदूरों की मौत की आशंका, पढ़िये खबर……..

बिलासपुर/मुंगेली:(प्रांशु क्षत्रिय) जिले के रामबोड़ इलाके में स्थित कुसुम फैक्ट्री में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री की चिमनी गिरने से करीब एक दर्जन मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका है। घटना के तुरंत बाद, एक मजदूर को घायल अवस्था में मलबे से बाहर निकाला गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में 7 से 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। मृतकों की संख्या को लेकर स्थानीय लोग अलग-अलग जानकारी दे रहे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत तथा बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

मलबे से अन्य मजदूरों को निकालने के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। हादसे की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, राहत और बचाव कार्यों में जुटी टीमों की ओर से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास तेज कर दिया गया है।
