ACB अफसर बनकर घर में घुसे बदमाश : गोली मारने की धमकी देकर लाखों का सामान लेकर हुए रफूचक्कर, आरोपी गिरफ्तार
धमतरी में ACB अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर लैपटॉप, टैबलेट व 8 मोबाइल ले जाने के मामले में फरार आरोपी हितेश सिंह गिरफ्तार....

धमतरी। खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बताकर एक घर में घुसने और परिवार को धमकाकर कीमती सामान ले जाने के मामले में सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हितेश सिंह को बैकुंठपुर से पकड़ा। 22 सितंबर को गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
घर में घुसकर दी थी गोली मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार, मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच में सामने आया कि कुछ लोग खुद को ACB का बड़ा अधिकारी बताकर प्रार्थी के घर में दाखिल हुए थे। आरोप है कि उन्होंने परिवार को गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर वहां से निकल गए। ले जाए गए सामान में लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन शामिल बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन सभी सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये थी। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन रुद्री थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच आगे बढ़ने पर प्रकरण में BNS की धारा 335 और 309(4) भी जोड़ी गई।
दो आरोपी पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुके
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें रुद्री के जल विहार कॉलोनी निवासी रामचंद देवांगन (40) और कोरिया जिले के पटना निवासी नागेंद्र पटेल (34) शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी 29 नवंबर 2025 को की गई थी। इसी मामले में हितेश सिंह फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
कोरिया जिले से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम को आरोपी के बैकुंठपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 सितंबर 2026 को बैकुंठपुर से हितेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गणेश बहादुर सिंह का पुत्र है और सलका बड़कापारा, बैकुंठपुर का रहने वाला बताया गया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फरार आरोपियों पर पुलिस की नजर
यह कार्रवाई एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। सिविल लाइन रुद्री थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

