नया रायपुर में बड़ा हादसा टला : मंत्रालय की चलती बस में अचानक लगी आग, 30 से ज्यादा कर्मचारी थे सवार
नया रायपुर के महानदी भवन के पास चलती बस नंबर 3073 में अचानक आग लग गई। बस में 30 से ज्यादा शासकीय कर्मचारी सवार थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई...

रायपुर। नया रायपुर स्थित महानदी भवन के पास बुधवार को शासकीय कर्मचारियों को लेकर जा रही बस नंबर 3073 में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 30 से अधिक सरकारी कर्मचारी सवार थे। चलती बस में आग लगते ही कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
अचानक धुआं उठने के बाद मची भगदड़
बताया जा रहा है कि कर्मचारी बस से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चलती बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस से धुआं उठने लगा और आग फैलने लगी। खतरा बढ़ता देख बस को रोकने के बाद कर्मचारियों ने तेजी से बाहर निकलने की कोशिश की।
कूदकर कर्मचारियों ने बचाई अपनी जान
आग की स्थिति को देखते हुए बस में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कई कर्मचारियों के बस से कूदकर बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल बस में आग किस वजह से लगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

