BILASPUR! NEW YEAR 2025 का जश्न बदला मातम में..घूमने निकली छात्रा की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत, पुलिस जुटी जांच में, पढ़िए पूरी खबर……..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत दलदली पारा में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नए साल पर घूमने निकले सेंट्रल यूनिवर्सिटी कोनी के छात्रों की स्कूटी को अज्ञात ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय छात्रा निधि यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहे सहपाठी समीर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार बिहार निवासी समीर कुमार जो सिविल इंजीनियरिंग थर्ड ईयर का छात्र है, मुंबई निवासी निधि यादव और अन्य साथियों के साथ औरापानी वाटरफॉल घूमने जा रहे थे। उनकी स्कूटी क्रमांक CG 10 EP 5981 जैसे ही दलदली पारा हाईवे के ओवरब्रिज के पास पहुंची, पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रेलर ने ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। इस दौरान निधि यादव ट्रेलर के चक्कों के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। समीर कुमार दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर सकरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल समीर को सिम्स अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने निधि को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सकरी पुलिस ने समीर कुमार की शिकायत पर अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है।
शोक में डूबा विश्वविद्यालय…..
इस हादसे से सेंट्रल यूनिवर्सिटी में शोक की लहर है। छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।

