अवैध धान भंडारण पर सीपत, मस्तूरी व कोटा क्षेत्र में हुई कार्यवाही..10 लाख का 323 क्विंटल धान जब्त, पढ़िए पूरी खबर…….


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन को पारदर्शी और अनुशासित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर अवैध धान भंडारण और बिक्री के मामलों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। मंगलवार को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के सात अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लगभग 10 लाख रुपये मूल्य का 323 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। सीपत तहसील के ग्राम कुकदा में पिन्टू पटेल के पास से 16.5 क्विंटल धान (78 कट्टी) बरामद किया गया। ग्राम खम्हरिया में व्यापारी विकास अग्रवाल से 80 क्विंटल (200 कट्टी), सुरेश साहू से 42.6 क्विंटल (106 कट्टी) और विनोद के पास से 75 क्विंटल (300 कट्टी) धान जब्त किया गया। मस्तूरी तहसील के ग्राम दर्रीघाट में राकेश अग्रवाल की दुकान से 8 क्विंटल (20 कट्टी) और ग्राम लिमतरा में राठौर किराना स्टोर से 83 क्विंटल (205 कट्टी) धान बरामद हुआ। वहीं कोटा तहसील के ग्राम सल्का नवागांव स्थित लक्ष्मी किराना स्टोर से 18 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। कलेक्टर अवनीश शरण ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सतर्क है। अवैध धान भंडारण और बिक्री में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


