बिलासपुर: लापता आटो चालक की नदी किनारे मिली लाश, शरीर में चोट के निशान..हत्या का आरोप, पुलिस कर रही मामले की जांच, पढ़िए पूरी खबर…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के चकरभाठा क्षेत्र से लापता 47 वर्षीय ऑटो चालक रविशंकर सिंगरौले की लाश अमलडीहा के पास एक नदी के किनारे पानी में तैरती हुई मिली। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। रविशंकर जो चकरभाठा थाना क्षेत्र का निवासी थे, 13 अक्टूबर 2024 की शाम 5:30 बजे रेलवे स्टेशन चकरभाठा के पास से गायब हो गए। उनके पिता ने 14 अक्टूबर को थाना चकरभाठा में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को परिवार को सूचित किया गया कि रविशंकर की लाश अमलडीहा पुल के पास नदी में तैरती हुई पाई गई, जिसे वहां मौजूद मछुआरों ने देखा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों का आरोप है कि रविशंकर की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि घटना के दिन रविशंकर और उसके दो साथी, गोलू पठान और अखिल चकरभाठा रेलवे स्टेशन के कैंटीन में काम करने वाले यादव मिस्त्री को दगौरी छोड़ने के लिए गए थे। आरोप है कि नवरात्रि के बाद पार्टी का कार्यक्रम बनाने के उद्देश्य से सभी एकत्रित हुए थे। परिवार के सदस्यों का कहना है कि घटना के बाद आरोपित साथी अपने-अपने घर लौट गए और उन्होंने रवि के लापता होने की कोई सूचना नहीं दी। जब परिवार ने अन्य दोस्तों से पूछताछ की, तो सभी गोल-मोल जवाब देते रहे। मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों को संदेह है कि रविशंकर को मारकर नदी में फेंका गया है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में मृतक के साथ गए दो साथियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
