सीपत: नायब तहसीलदार ने पशु विभाग के एबीएफओ को लगाई जमकर फटकार, कहां..कार्य में इस तरह की ढिलाई नहीं की जाएगी बर्दास्त, पढ़िए पूरी खबर……

सीपत: (प्रांशु क्षत्रिय) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर अवनीश शरण के मार्गदर्शन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एक नई पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत सीपत क्षेत्र में नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे के नेतृत्व में आवारा पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट बांधी जा है। शासन द्वारा यह कदम सड़क में आवारा पशुओं के होने से लगातार घट रही दुर्घटनाओं की संख्या को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है। हाल ही में सीपत थाना क्षेत्र में 19 गायों की सामूहिक मौत की घटना ने इस समस्या की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।

प्रशासन ने इसे संज्ञान में लेते हुए आवारा पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट लगाने का निर्णय लिया है, जिससे रात के समय या कम रोशनी में सड़क के बीचो-बीच मौजूद पशु अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई दें सकें। नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे ने इस प्रक्रिया की निगरानी में रेडियम बेल्ट की उपलब्धता में कमी पाई उन्होंने नाराजगी जताते हुए पशु विभाग के एबीएफओ बीएस सलाम को जमकर फटकार लगाते हुए आवश्यक अनुसार मात्रा में रेडियम बेल्ट उपलब्ध कराने निर्देश दिए।

नायब तहसीलदार ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नायब तहसीलदार कुर्रे ने इस पहल के महत्व को बताते हुए कहा, रेडियम बेल्ट लगने से सड़क पर लोगों को सतर्क रहने में मदद मिलेगी, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आएगी। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दिलेंद्र कौशिल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क पर आवारा पशुओं की वजह से होने वाली सड़क दुर्घटना एक गंभीर समस्या बन गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल सड़क पर पशुओ को लेकर राहगीरों को हो रही समस्या के समाधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान सीपत थाना के सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक कौशल वस्त्रकार, आरक्षक प्रकाश जगत, भाजपा सीपत मंडल उपाध्यक्ष शिव साहु, प्रमोद वर्मा, दिलीप ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधी व ग्रामवासी उपस्थित रहे।
