रतनपुर में कछुआ कांड पार्ट-2: फिर मरे कछुए..23 कछुओं की मौत के बाद फिर चार और…वन विभाग की जांच तेज– रतनपुरवासियों में उबाल, खबर पढ़कर समझिए पूरा मामला…….

रतनपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का संगम कहलाने वाली रतनपुर नगरी इन दिनों कछुओं की रहस्यमयी मौतों को लेकर सुर्खियों में है। महामाया मंदिर परिसर से सटे कलपेसरा तालाब में एक बार फिर चार मृत कछुए जाल में फंसे मिले, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और सनसनी फैल गई है। बता दें कि अभी कुछ ही समय पहले मंदिर ट्रस्ट के अधीन कुंड से 23 कछुओं के शव बरामद हुए थे। अब नगर पालिका की सीमा में आने वाले तालाब में फिर से कछुए मिलना, इस पूरे घटनाक्रम को और गंभीर व संदिग्ध बना रहा है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कछुओं के शव और जाल को जब्त कर लिया है और जांच में जुट गई है कि यह जाल कौन बिछा रहा है और क्या इसके पीछे कोई अवैध मछली शिकार या साजिश है। ट्रस्ट का पक्ष भी अब और मजबूत होता नजर आ रहा है। कुछ दिन पहले ट्रस्ट ने बिलासपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद को फंसाने की साजिश की बात कही थी। अब नगर पालिका के अधीन तालाब में भी वैसी ही घटना का दोहराव होना इस साजिश की ओर इशारा कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाबों की नियमित निगरानी न होना, ऐसी घटनाओं को जन्म दे रहा है। वन विभाग की जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं और रतनपुरवासी आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार दोषियों की सही पहचान होगी, या फिर ये मामला भी कछुओं के शवों की तरह गहराई में डूब जाएगा?

