बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन महिलाओं की मौत, तीन घायल, जांच जारी….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) एक भीषण सड़क हादसे में मां, बेटी और एक अन्य सदस्य की मौत हो गई, जबकि कार चालक और अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सकरी मेन रोड पर हुआ जब एक कार, जो एक होटल से खाना खाकर लौट रही थी, एक खड़ी ट्रेलर से टकरा गई।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात शुभम विहार कॉलोनी निवासी अंकित शर्मा अपनी मां प्रीति शर्मा उम्र 48 वर्ष, बहन श्रुति शर्मा उम्र 19 वर्ष, पिता बदरानी शर्मा और एक अन्य सदस्य श्रेया शर्मा 24 वर्ष के साथ आई 10 कार में चकरभाटा स्थित एक होटल से खाना खाकर पेंड्रीडीह बाईपास होते हुए घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार सकरी मेन रोड पर स्थित एसबीआई बैंक के पास पहुंची, अंकित शर्मा को झपकी आ गई और कार लेफ्ट साइड में खड़ी ट्रेलर क्रमांक RJ 14 GF 2688 से टकरा गई। हादसे में अंकित की मां, बहन और श्रेया शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अंकित और अन्य दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।सकरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से परिवार और इलाके में शोक की लहर है।
