बिलासपुर प्रेस क्लब में पहली बार विराजे गणपति : भजन-भंडारे के साथ भक्तिमय माहौल में हुआ उत्सव का समापन
बिलासपुर प्रेस क्लब में पहली बार गणेश उत्सव मनाया गया। दस दिनों तक महाआरती के बाद भोग-भंडारा हुआ, सतीश पाठक की रामायण टोली ने भजनों की प्रस्तुति दी....

बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब में इस बार पहली बार भगवान श्री गणेश की भव्य स्थापना के साथ गणेश उत्सव मनाया गया। दस दिनों तक प्रेस क्लब परिसर धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। प्रतिदिन आयोजित महाआरती में अलग-अलग सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की।
भोग-भंडारे में उमड़े गणेश भक्त
गणेश उत्सव के दसवें और अंतिम दिन प्रेस क्लब परिसर में भोग-भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणेश भक्तों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रेस क्लब परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
रामायण टोली की भजनों ने बांधा समां
शाम के समय सतीश पाठक जी की रामायण टोली ने विशेष धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। टोली के कलाकारों ने भगवान श्री गणेश की स्तुति और विभिन्न भजनों की प्रस्तुति दी। भक्तिमय गीत-संगीत से प्रेस क्लब परिसर का माहौल श्रद्धा से भर गया। भजनों के दौरान श्रद्धालु झूमते नजर आए और उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
श्रीफल और गमछा भेंटकर किया सम्मान
गणेश उत्सव के समापन अवसर पर बिलासपुर प्रेस क्लब की ओर से सतीश पाठक जी और उनकी पूरी रामायण टोली का सम्मान किया गया। उन्हें श्रीफल और गमछा भेंटकर सम्मानित किया गया। पहली बार आयोजित इस गणेश उत्सव के दौरान पत्रकारों और सामाजिक सहभागिता से प्रेस क्लब में धार्मिक आयोजन का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
ये वरिष्ठ लोग रहे उपस्थित
इस दौरान प्रेस क्लब परिसर में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष तिलक राज, सलूजा, वीरेंद्र गहवई, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, केके शर्मा, शिव तिवारी, प्रिय दुबे, राकेश मिश्रा, मनोज दुबे, ऋतु साहू, तीरथ लहरें, नारायण नोनिया, मोहम्मद इजराइल, अप्पू नवरंग, संतोष मिश्रा, सदाब खान, प्रवीण सिंह, रविन्द्र विश्वकर्मा, जफर आगा, अमन सिंह, शेयज कुमार, वासु तिवारी, प्रियंका सिंह, नीरज शुक्ल, ललित गोपाल, शशि मिश्रा के अलावा बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

